शहर से सीधा मुंबई के लिए 15 कोचों की नई साप्ताहिक ट्रेन कानपुर-बांद्रा एक्सप्रेस (संख्या 22443/22444 ) 7 जनवरी से चलेगी। रेलवे ने इसकी घोषणा कर दी है।
रेलवे अधिकारियों ने सेंट्रल स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी से समय भी फाइनल कर लिया है।
‘अमर उजाला’ ने 2 दिसंबर के माई सिटी अंक में ‘कानपुर से मुंबई को सीधी ट्रेन’ शीर्षक से सबसे पहले इस खबर को छापा था। सांसद जोशी ने भी रेलवे अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द इस ट्रेन को चलाने को कहा।
इसके बाद से उत्तर मध्य रेलवे नई ट्रेन चलाने की तैयारी में जुटा था। अब इसके लिए 7 जनवरी की डेट फाइनल हो गई। यह ट्रेन बुधवार की शाम 6.15 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन से बांद्रा के लिए रवाना होगी।
जबकि बांद्रा से गुरुवार को चलकर शुक्रवार को वापस कानपुर पहुंचेगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ नवीनबाबू ने बताया कि ट्रेन के शुभारंभ के लिए कानपुर नगर के सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने समय दे दिया है।
तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस ट्रेन को 7 जनवरी से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सेंट्रल-अनवरगंज, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कासगंज, मथुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, सूरत होते हुए बांद्रा पहुंचेगी।
सूरत होकर जाने से शहर के कपड़ा व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी क्योंकि सूरत से बड़े पैमाने पर कपड़ा कारोबार होता है।