कानपुर के पुखरायां से महज 25 किमी दूर पामा रेलवे स्टेशन के पास राप्तीसागर एक्सप्रेस बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। पटरी पर पड़ी ड्रिल मशीन ट्रेन से टकराकर फंस गई। ट्रेन झटका खाने लगी तो चालक ए. रहमान ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। अचानक झटके साथ ट्रेन रुकी यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री हादसा समझकर कूदने लगे।
त्रिवेंद्रम से गोरखपुर जा रही राप्तीसागर एक्सप्रेस गुरुवार को जिले के पामा रेलवे स्टेशन के पास हादसे का शिकार होते बची। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया है। ट्रेन पामा स्टेशन पर आधे घंटे तक खड़ी रही। जानकारी पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इधर, चालक ने मेमो भेजकर शिकायत दर्ज करवाई है।
झांसी-मुंबई रेलमार्ग पर पामा रेलवे स्टेशन के पास दोपहर 12:30 बजे राप्तीसागर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गुजर रही थी। तभी पटरी पर पड़ी ड्रिल मशीन ट्रेन से टकराकर फंस गई। ट्रेन झटका खाने लगी तो चालक ए. रहमान ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। अचानक झटके साथ ट्रेन रुकी यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री हादसा समझकर कूदने लगे। चालक ने उतरकर इंजन में फंसी ड्रिल मशीन को बाहर निकलवाया। जानकारी करने पर पता चला कि ट्रैक पर मरम्मत कार्य चल रहा था। गैंगमैन ड्रिल मशीन पटरी पर छोड़कर भाग गए थे। चालक ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन को धीरे धीरे भीमसेन तक ले जाया गया। चालक ने स्टेशन मास्टर को लिखित में मेमो देकर बताया कि रेल कर्मियों की लापरवाही से ट्रेन पलटते बची है।
एडीआरएम झांसी ने दिए जांच के आदेश
पुखरायां निवासी राष्ट्रीय रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद ने बताया कि झांसी डिवीजन के एडीआरएम विनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते जांच के आदेश दिए हैं।
पीडब्ल्यूआई को निलंबित
विभागीय रेलवे अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र के खंड अभियंता रेल ट्रैक (पीडब्ल्यूआई) को लापरवाही के चलते निलंबित किया गया है।
फिर सिहर उठे रेल यात्री
पुखरायां से 25 किमी दूर पामा स्टेशन के पास राप्तीसागर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के हादसे से बचने की खबर सुनते ही पुखरायां और अन्य स्टेशनों पर मौजूद रेल यात्री सिहर उठे। रेल यात्रियों का कहना है कि जिले में रेलवे के हादसे बढ़ते जा रहे हैं।
घोर लापरवाही मिली
पामा में हादसे से बची राप्तीसागर एक्सप्रेस ने एक बार फिर तमाम सवाल खड़े कर दिए हैं। पामा स्टेशन पर पटरी मरम्मत का कार्य चल रहा था। विभागीय जानकारों के मुताबिक पटरी चेकअप व मरम्मत कार्य के लिए परमीशन लेने की जरूरत नहीं होती है। गैंगमैन टीम सिर्फ रेड सिगभनल देखकर काम करते रहते हैं, लेकिन यहां पर कर्मचारियों की घोर लापरवाही साबित हो रही है क्योंकि ट्रेन आने पर वे ड्रिल मशीन पटरी पर ही छोड़कर भाग गए।