ग्वालटोली थानाक्षेत्र के धारमखेड़ा गांव में युवक की हत्या के प्रयास के मामले में 20 माह से फरार नीरज कुमार को कर्नलगंज पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इसकी विवेचना कर्नलगंज थाने से की जा रही है। ग्वालटोली के मंगलपुर धारमखेड़ा गांव निवासी गुड्डी ने मार्च 2024 में दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि बेटा विशाल 26 मार्च की रात घर से चंद्रशेखर की दुकान में अंडा और मसाला लेने गया था।
पुरानी रंजिश में दुकानदार चंद्रशेखर ने बेटे से गालीगलौज की। चंद्रशेखर के यहां बैठे अंकित, नीरज कुमार, शिवा, बसीठ, परिवेश, जितेंद्र आदि ने मिलकर धारदार हथियार और रॉड से बेटे को मरणासन्न कर दिया। शिवा व जितेंद्र शातिर अपराधी हैं। कर्नलगंज इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में चंद्रशेखर और शिवा को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अन्य की तलाश की जा रही है।