कानपुर में स्वरूपनगर निवासी सैन्य अधिकारी को साइबर ठगों ने होटल की रेटिंग देकर मुनाफा कमाने का झांसा दिया और 3.15 लाख रुपये हड़प लिए। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। लक्ष्मण बाग कालोनी (ऑफिसर्स कालोनी) निवासी सुमित कुमार भारतीय सेना में कार्यरत हैं। बताया कि उन्हें होटल की रेटिंग करने और निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया गया।
मुनाफे की स्कीम देख उन्होंने हामी भर दी तो टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें शुरू में छोटी-छोटी रकम और फिर धीरे धीरे बड़ी रकम का निवेश कराया जाने लगा। मुनाफे सहित निवेश की रकम मांगी तो ठगों ने और निवेश करने पर पूरी रकम निकालने की बात कह दी। झांसे में आकर उन्होंने 3.15 लाख रुपये जमा कर दिए लेकिन रुपये वापस नहीं मिले। अंत में उन्होंने साइबर थाने में केस दर्ज करा दिया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर रुपये वापस दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।