Kanpur News: कानपुर के अपूर्व अग्रवाल को एआई और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में उनके निवेश के लिए फोर्ब्स मिडास ब्रिंक लिस्ट 2026 में शामिल किया गया है। वे वर्तमान में अल्टीमीटर फर्म में पार्टनर हैं और ओपनएआई जैसी प्रमुख कंपनियों में निवेश का नेतृत्व कर चुके हैं।
कानपुर निवासी अपूर्व अग्रवाल को प्रतिष्ठित फोर्ब्स की मिडास ब्रिंक लिस्ट 2026 में शामिल किया गया है। यह सम्मान उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में उनके निवेश प्रयासों के लिए मिला है। अग्रवाल वर्तमान में सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया में रहते हैं। उनके पिता डाॅ. एके अग्रवाल शहर के जाने माने घुटना प्रत्यारोपण सर्जन हैं और मां डॉ. मनीषा अग्रवाल स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। डाॅ. अग्रवाल ने बताया कि अपूर्व ने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से अपनी स्नातक और एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।
विज्ञापन
वह आरजे मिलर स्कॉलर भी रहे हैं। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में अतिथि संकाय के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मौजूदा समय में वो अमेरिकी निवेश फर्म अल्टीमीटर में पार्टनर हैं। उनके निवेश पोर्टफोलियो में ओपनएआई, रेवोल्यूट, बेसटेन, ग्लीन, एक्सबो और पारलोआ जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने कंपनी में एआई और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में निवेश का नेतृत्व किया है। उन्होंने उन कंपनियों पर ध्यान केंद्रित किया है जो अपने क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं।