पनकी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह छह बजे कानपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ए टू जेड प्लांट के सामने खड़े खराब ट्राला में पीछे से दूसरा ट्राला घुस गया। ट्राला को ठीक कर रहे खलासी अंबेडकरनगर के सूरजपुर, दुधई गांव निवासी शमशाद (24) और सिद्धार्थनगर, खिसगांव के धमौरा गांव निवासी सवारी शालू (30) की दोनों ट्रालाें के बीच में दबकर मौत हो गई।
ट्राला चालक संत कबीरनगर निवासी अरविंद यादव और टक्कर मारने वाले ट्राला का खलासी भी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को हैलट भेजकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लगा। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दोनों ट्रालाें को किनारे कराकर टक्कर मारने वाले ट्राला चालक को हिरासत में लिया है।
संत कबीरनगर निवासी ट्राला चालक अरविंद यादव अपने खलासी शमशाद के साथ ट्राला लेकर चकेरी होते हुए चकरपुर मंडी की ओर जा रहे थे। रास्ते में दो सवारियों को बैठा लिया। पनकी इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पनकी के ए टू जेड प्लांट के सामने मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 6:30 हादसा हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्राला चालक बहराइच जिले के पखारपुर थानाक्षेत्र के अजीजपुर निवासी निजामुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।