चार साल में तैयार किया गया है डाक्युमेंट-2051
सन् 2051 में शहर की संभावित 78 लाख की आबादी की जरूरतों के हिसाब से इसे चार साल में तैयार किया गया है। लगातार बढ़ रही आबादी के लिए आवास, सुगम यातायात, रोजगार के नए संसाधन उपलब्ध कराने आदि बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है।
78 लाख आबादी होने पर भी सुगम यातायात की योजना
विजन-2051 में तब तक होने वाली 78 लाख आबादी को सुगम यातायात उपलब्ध कराने का खाका खींचा गया है। इसके लिए कानपुर-लखनऊ के बीच रैपिड रेल, अहिरवां एयरपोर्ट का विस्तार करने के साथ ही कारगो सेवा शुरू कराने की जरूरत पर जोर दिया गया है। मेट्रो रेल को आईआईटी से मंधना, पनकी से कैंट सहित विभिन्न नए रूटों में 74.92 किलोमीटर विस्तार की प्लानिंग है।
गंगा में चार-चार लेन के दो पुल बनेंगे
शहर के चारों तरफ एक और आउटर रिंग रोड का खाका खींचा गया है। यह मौजूदा समय में निर्माणाधीन 93.20 किलोमीटर से 30.8 किलोमीटर अधिक होगी। यह चौबेपुर से शुरू होकर भिसार, बिधनू से लेकर अचलगंज (उन्नाव) तक बनेगी। इस पर भी गंगा में चार-चार लेन के दो पुल बनेंगे। इनके अलावा गंगा में दो अन्य पुलों का प्रावधान किया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण की योजना
यातायात को सुगम बनाने के लिए पनकी तिराहे से कल्याणपुर तक छह-लेन रोड, चौबेपुर-बिठूर-मौनीघाट मार्ग चौड़ीकरण, भौंती-रमईपुर चार लेन मार्ग, रामादेवी-सरसौल छह-लेन मार्ग सहित कई अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है।
यहां बनेंगी मल्टीलेवल पार्किंग
लगातार बढ़ते वाहनों और मनमाने तरीके से सड़कों तक में हो रही पार्किंग की समस्या से निजात के लिए शहर में सात मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का खाका खींचा गया है। ये पार्किंग मॉल रोड, कालपी रोड, गुमटी नंबर-5, हालसी रोड, घंटाघर आदि में बनेंगी। इन पार्किंगों को मैकेनाइज्ड कार पार्किंग के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है।
1,32,000 करोड़ से होगा समग्र विकास
विजन - 2051 के तहत शहर के विस्तार, सुनियोजित विकास, सुगम यातायात आदि के लिए 105 परियोजनाओं का खाका खींचा गया है। इनमें से 36 परियोजनाएं शॉर्ट टर्म हैं, जिन्हें पांच साल में पूरा करना है। इसी तरह 38 परियोजनाएं मीडियम टर्म की हैं, जिन्हें छह से 10 साल में पूरा करना है। शेष 31 लॉग टर्म परियोजनाएं हैं, जिन्हें 2051 तक पूरा करने लक्ष्य निर्धारित किया गया है।