सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के बिनगवां में गुरुवार दोपहर लखनऊ से मौरंग बेचकर डंपर चालक के साथ लौट रहे क्लीनर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जानकारी मिलते ही सीएचसी पहुंचे क्लीनर के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए चालक को जमकर पीटा। चालक ने बिधनू थाने में घुसकर जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घाटमपुर निवासी डंपर चालक दिलीप गुप्ता कुष्मांडानगर निवासी छोटे उर्फ राजन (35) के साथ लखनऊ से मौरंग बेंचकर लौट रहा था। चालक दिलीप के अनुसार उन्नाव के पास ढाबे पर दोनों ने खाना खाया। इसके बाद क्लीनर राजन केबिन की पिछली सीट पर सो गया था। रामादेवी के पास आवाज देने पर राजन नहीं उठा, जिस पर उसे बिधनू सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसकी सूचना राजन के परिजनों को दी।