अमर उजाला शिक्षक सम्मान समारोह के तहत ऑनलाइन वोटिंग से चुने गए 120 स्कूलों के 121 शिक्षकों को बृहस्पतिवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागार में सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और विशिष्ट अतिथि सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने शिक्षकों के साथ प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर गर्व का भाव रहा।
शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को मान दिलाने और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनुभव कराने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के 120 स्कूलों ने प्रतिभाग किया था। पहले चरण में स्कूलों का पंजीकरण किया गया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्यों ने वोटिंग के लिए 10-10 शिक्षकों को नामांकित किया। इस प्रक्रिया में 900 से अधिक शिक्षकों के नाम सामने आए। 60 हजार विद्यार्थियों ने इनमें से अपने चहेते शिक्षकों के लिए ऑनलाइन वोटिंग की थी। अमर उजाला की ओर से स्कूलों को विशेष वोटिंग लिंक उपलब्ध कराया गया जिसके माध्यम से कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने अपने पसंदीदा शिक्षक के पक्ष में मतदान किया था।
">http://
मैं फिजिक्स की शिक्षिका हूं। बेहद अनूठा अनुभव रहा। आजकल के जेन-जी उन शिक्षकों को पसंद करते हैं, जो उनको सुनते हैं। जो उनके अनुसार ढल जाते हैं। यह पुरस्कार छात्र, प्रिंसिपल और मेरी मां को समर्पित है।
-सुगंधा बधवार, डीपीएस कल्याणपुर
बच्चों को उनके ही अंदाज में फिजिक्स केमिस्ट्री पढ़ाता हूं। किसी भी बच्चे की बात अनसुनी नहीं करता। शायद इसलिए ही बच्चों ने मुझे चुना। इस बात का फर्क है। साथ ही नायाब कार्यक्रम के लिए अमर उजाला का भी शुक्रिया।
- यासिर सिद्दकी, डीपीएस आजादनगर
यह सम्मान मिलना गर्व की अनुभूति रही। लगा कि बच्चों को पढ़ाना सार्थक हो गया। बच्चों को बिना डांटे, मॉडल के माध्यम से पढ़ाता हूं। जिस प्रकार से सीखना चाहते हैं, स्वयं उस प्रकार ढल जाता हूं।
- सूरज सिंह, आरएस पब्लिक स्कूल
छात्रों के प्यार और स्नेह की बदौलत यह सम्मान मिला है। कंप्यूटर साइंस का शिक्षक हूं, काफी वर्षों से पढ़ा रहा हूं लेकिन शिक्षक होने का अहसास पहली बार हुआ है। इस सम्मान से गदगद हूं।
- पीयूष मिश्रा, सुभाष पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल
यह आयोजन शिक्षक-छात्रों के रिश्तों को और मजबूती प्रदान करता है। अमर उजाला के इस कार्यक्रम की दिल से सराहना। सम्मान से प्रोत्साहन मिलता है।
- अनमोल शुक्ला, सरदार पटेल एकेडमी
अपने जीवन का पहला चुनाव जीती हूं। काफी खुशी हुई है। बच्चे मुझसे प्यार करते हैं, मेरे काम को सराहते हैं। इसे आगे कायम रखूंगी। अमर उजाला का बड़ा प्रयास है।
- हिना श्रीवास्तव, जीआईसी बिधनू
जेज-जी बेहद अलग हैं। अब बच्चों को उनके अनुरूप ढलकर ही पढ़ाना पढ़ता है। अब शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। हमारी मेहनत को अमर उजाला ने सराहा, यह हमेशा याद रहेगा।
- श्रेया, पीडी निगम स्कूल
अब बच्चों को सुनना बेहद जरूरी हो गया है। जो शिक्षक अनुशासन की लकीर के साथ बच्चों की सुनते हैं, वह बच्चों के मन में अपनी जगह बना लेते हैं।
- रूपल श्रीवास्तव, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल, कल्याणपुर