कूच बिहार ट्रॉफी में किया था शानदार प्रदर्शन
टीम के कप्तान आयुष समेत टॉप आर्डर का प्रदर्शन बेहतर है। इसलिए मैं मिडिल आर्डर में अपना स्थान बनाने का प्रयास करूंगा। मेरी प्राथमिकता लंबी पारी खेलने व टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाना है। मेरा लक्ष्य अगले वर्ष जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले आईसीसी अंडर-19 विश्वकप के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान बनाना है। इस वर्ष कूच बिहार ट्रॉफी में अमन राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में 70 व दूसरी में 100 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच बने थे। उन्होंने विदर्भ के खिलाफ 88 व 44 तथा गुजरात के खिलाफ 117 रनों की शानदार पारी खेली थी।
पिता का सपना था बेटा बने क्रिकेटर
अमन के पिता मूलरूप से प्रयागराज निवासी अजय चौहान शहर स्थित पुलिस लाइंस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उन्होंने अमन को ग्रीनपार्क में छह साल की उम्र में कोच अरविंद सोलंकी के पास प्रशिक्षण के लिए भेजा था। खुद अंडर-19 विश्व कप खेल चुके सोलंकी वर्तमान में क्राइस्ट चर्च कॉलेज ग्राउंड में एकेडमी चला रहे हैं, जहां से प्रशिक्षण लेकर अमन ने भारतीय टीम में स्थान बनाया। अमन का जन्म वाराणसी में हुआ था। मां सोनिया सिंह भी अमन को पूरा सपोर्ट करती हैं।
यूपी टी-20 लीग व केपीएल से मिलता बड़ा प्लेटफार्म
अमन का चयन होने पर गुरुवार को क्राइस्ट चर्च मैदान में साथी खिलाड़ियों ने उन्हें माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। यहां अमन व उनके पिता ने यूपीसीए व केसीए की तारीफ की। कहा कि यूपीसीए के पूर्व सचिव राजीव शुक्ला और केसीए के चेयरमैन संजय कपूर शहर व प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा दे रहे हैं। यूपी टी-20 लीग व केपीएल से युवाओं को प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा प्लेटफार्म मिलता है। अमन ने कहा कि मैं साधारण से परिवार से हूं। केवल मेहनत ही सफलता की कुंजी है। सम्मान समारोह में कोच राहुल गुप्ता, अरुण शुक्ला, अरविंद डोंडियाल, अरुण तिवारी, हिमांशु दीक्षित, मो. शारिम सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।