कानपुर में कल्याणपुर के आवास विकास तीन में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों कन्नौज के रहने वाले थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पनकी से कल्याणपुर की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आवास विकास तीन के पास सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। आसपास के लोग दौड़े और कार सवार युवकों को सामने स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने कन्नौज निवासी बी फार्मा के छात्र प्रथम पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।