कानपुर में महाराजपुर हाईवे पर सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती जाजमऊ के तिवारीपुर निवासी राहुल यादव (32) और पिंकी (28) की मौत हो गई। पिंकी पांच माह की गर्भवती थी। हादसे की जानकारी होते ही दंपती के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के वक्त राहुल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
राहुल कैलाश नगर स्थित आटा चक्की में नौकरी करता था। राहुल का दो वर्ष पूर्व पिंकी से विवाह हुआ था। राहुल सोमवार को पिंकी को महाराजपुर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर दर्शन कराने ले गया था। दर्शन करके लौट रहे थे तभी हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों डिवाइडर से जा टकराए। हादसे में पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने राहुल को सीएचसी सरसौल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को देख छोटा भाई रवि व मां बेसुध हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। महाराजपुर इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि ट्रक की शिनाख्त करने के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।