सचेंडी थानाक्षेत्र में बुधवार शाम हाईवे पर पैदल जा रहे ऑटो चालक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हनुमंत विहार निवासी रमाकांत द्विवेदी का बेटा रामजी द्विवेदी (25) बुधवार शाम को सचेंडी निवासी अपनी बहन इंदू से मिलने गया था। रात करीब नौ बजे वह बहन के घर से होकर हाईवे किनारे पैदल चल रहा था। तभी चकरपुर मंडी के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मारी और भाग निकला। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामजी को पुलिस हैलट अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन तब तक सिर पर चोट लगने से उसकी सांसें थम चुकी थीं। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची पत्नी मांडवी, बेटी पूर्वी और बड़े भाई बउआ बदहवास थे।