कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के सहयोग से श्रीकृष्ण की प्रतिमा लगेगी। परिसर के हेलीपैड तिराहे पर इसे लगाया जाएगा। प्रतिमा में श्रीकृष्ण को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देने वाले स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि विवि परिसर में इस प्रसंग पर आधारित प्रतिमा की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय दर्शन की इस महत्वपूर्ण विरासत से जोड़ना है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक और चुनौतीपूर्ण दौर में युवाओं के सामने कॅरिअर, शिक्षा, रोजगार और जीवन से जुड़े अनेक प्रश्न होते हैं। ऐसे में गीता की शिक्षाएं उन्हें मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायता कर सकती हैं।