बर्रा के जरौली फेज-1 में साइबर ठगों ने टूर एंड ट्रैवल्स का काम करने वाली कविता सिंह को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दे 78 हजार रुपये की चपत लगा दी। मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज आने पर ठगी की जानकारी हुई तो पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। कविता के मुताबिक वह पति अनंत सिंह के साथ व्यापार करती हैं।
बुधवार को मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और पंजाब नेशनल बैंक का नया क्रेडिट कार्ड ऑफर के तहत मिलने की बात कही। इस पर बैंकिंग डिटेल बता दी। इंटरनेट पर एक लिंक के माध्यम से पीएनबी क्रेडिट कार्ड के लिए जानकारी साझा कर दी। अगले दिन उनके आरबीएल बैंक के खाते से दो बार में 78 हजार रुपये निकल गए। बर्रा इंस्पेक्टर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, साइबर सेल जांच कर रही है।
रील देख बुक की फ्लाइट की टिकट, गंवाए 24 हजार रुपये
मसवानपुर निवासी प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया चलाने के दौरान रील में उन्हें एक टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी का एड दिखा जिसमें चार धाम यात्रा फ्लाइट के माध्यम से सस्ते दाम में कराने की बात कही गई। लिंक पर क्लिक करने पर इंडिगो एयरलाइन जैसी साइट खुली उसमें टिकट बुक करने के दौरान खाते से 24 हजार रुपये निकल गए। हालांकि टिकट बुक नहीं हुई। साइबर सेल में शिकायत की है।