कानपुर सेंट्रल से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 22445 के प्रस्थान समय को लेकर सोमवार को रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन का निर्धारित समय टिकट और आईआरसीटीसी पर शाम 5:45 बजे दर्ज था, जबकि ट्रेन को 5:30 बजे ही रवाना कर दिया गया। इससे कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई।
यात्री मयंक, विशाल, अखिल, समीर, रूद्रांश और मानवेंद्र ने बताया कि नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनईटीएस) पर ट्रेन के प्रस्थान का समय 5:30 बजे प्रदर्शित हो रहा था। उन्होंने टिकट पर दर्ज समय के आधार पर स्टेशन पहुंचने की तैयारी की थी। प्लेटफॉर्म पर पहुंचने तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। यात्रियों ने कहा कि यदि समय में बदलाव किया गया था तो टिकट और आईआरसीटीसी पर इसे अपडेट क्यों नहीं किया गया। वहीं रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार परिचालन कारणों से ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से शाम 5:45 के बजाय 5:30 बजे रवाना होगी। हालांकि, बाद के स्टेशनों पर समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।