रावतपुर निवासी कारोबारी को जमीन बेचने का झांसा देकर 42 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अमिलिहा गांव के प्रधान समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाक्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर मोहल्ला निवासी कारोबारी जगदीश सिंह का अमिलिहा गांव निवासी मुन्नी देवी का करीब 6 बीघा भूमि का सौदा हुआ था।
इसके एवज में उन्होंने 67 लाख रुपये आरटीजीएस और नकद मुन्नी देवी व उसके दामाद रमेश सिंह, नरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह व अंशू सिंह को दिए। बाकी धनराशि बैनामा कराने के समय देने का तय हुआ। दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर लिखापढ़ी भी हुई। हालांकि आरोप है कि पिछले साल 15 अक्तूबर को मुन्नी देवी व अन्य ने एक बीघा जमीन का बैनामा और शेष जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट अमिलिहा ग्राम प्रधान के पिता रामकुमार उर्फ लाला दीक्षित व उनके रिश्तेदार रघुवंश मणि बाजपेई के हक में कर दिया।
इसके बाद बिना बताए मुन्नी देवी ने 25 लाख उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने विरोध किया तो मुन्नी देवी, उसके दामादों और अमिलिहा प्रधान मनीष दीक्षित, उसके पिता रामकुमार व रघुवंशमणि बाजपेई आदि ने गालीगलौज कर बाकी 42 लाख रुपये देने से मना कर दिया। उन्होंने थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर तक गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में शरण ली। थानाप्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।