Kanpur News: कानपुर रिंग रोड के मंधना-सचेंडी खंड का निर्माण सितंबर तक पूरा हो जाएगा, जिससे बुंदेलखंड से आने वाले भारी वाहन शहर के बाहर-बाहर निकल सकेंगे। इस मार्ग के शुरू होने से शहर के ट्रैफिक लोड में 25% की कमी आएगी, जिससे आम नागरिकों को लंबे जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
कानपुर में रिंग रोड के पैकेज वन के तहत मंधना से 24 किलोमीटर दूर सचेंडी तक सिक्स लेन की सड़क का निर्माण सितंबर में पूरा हो जाएगा। इसके बनने से बुंदेलखंड खासकर कबरई, हमीरपुर की तरफ से आने वाली मौरंग, गिट्टी के ट्रक, डंपर आदि रमईपुर से इस रिंग रोड के हिस्से के माध्यम से सीधे मंधना पहुंचेंगे और वहां से बिल्हौर होते हुए कन्नौज फर्रुखाबाद से लेकर अलीगढ़ रोड पर रवाना हो सकते हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को बन रहे रिंग रोड के निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि रिंग रोड के इस हिस्से के चालू होने और यातायात शुरू होने से शहर में ट्रैफिक लोड कम हो जाएगा। रिंग रोड के ही पैकेज चार के तहत सचिंदी से रमईपुर तक छह लाइन की सड़क बनने पर शहर में भारी वाहनों का दबाव लगभग 25 परसेंट कम हो जाएगा। इससे शहरवासियों को भी जाम से निजात मिलेगी वहीं, दूसरी ओर बुंदेलखंड से कानपुर अलीगढ़ राजमार्ग पर सीधे वहां जा सकेंगे।