फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: ‘16 मिनट की 16 रुपये वाली सेल’, उमड़ी हजारों की भीड़ और मची भगदड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई चोटिल

Sun, 16 Aug 2026 12:37 PM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में कपड़ा कारोबारी द्वारा जन्मदिन पर महज 16 मिनट के लिए 16 रुपये में सामान बेचने की सेल रखी गई थी। इस सेल में भारी भीड़ उमड़ने से भीषण जाम और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिस पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
विज्ञापन
16 मिनट की 16 रुपये वाली सेल में मची भगदड़ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अनवरगंज थाना क्षेत्र में स्थित आलम मार्केट में 16 मिनट तक 16 रुपये में कपड़े देने के ऑफर से स्वतंत्रता दिवस की देर रात जुटी भीड़ से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। ऑफर का समय खत्म होने के बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगड़ती देख लाठियां भांजी। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। सड़क पर गिरकर कई लोग चुटहिल हो गए। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर कपड़ा व्यापारी समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

विज्ञापन


">http://

कपड़ा व्यापारी रईस आलम ने 16 अगस्त को अपने जन्मदिन के मौके पर आलम्स मार्ट में विशेष ऑफर का इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रचार किया। इसके तहत स्वतंत्रता दिवस की रात 11:59 बजे से 16 मिनट तक के लिए प्रति कपड़े की कीमत 16 रुपये करने का दावा किया। इस ऑफर का प्रचार कई मीडिया इनफ्लुएंसरों ने भी किया। असर यह हुआ कि निर्धारित समय से पहले ही दुकान के बाहर खरीदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शनिवार देर रात आलम मार्केट की सड़क और टुकनियापुरवा चौराहा तक भारी भीड़ पहुंच गई। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी और जाम लग गया।

विज्ञापन

हालात बिगड़ते देख अन्य दुकानदार अपनी दुकानें बंद करने लगे। भीड़ अधिक होने के कारण अफरातफरी का माहौल बन गया। बेकाबू भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह, अनवरगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, बजरिया, रायपुरवा, चमनगंज, सीसामऊ, बेकनगंज थाने के फोर्स संग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउड हेलर से लोगों को समझाकर हटाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ हटने को तैयार नहीं थी। पुलिस ने भीड़ पर लाठी भांजी। इससे भगदड़ मच गई। कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े और चुटहिल हो गए। मौके पर लोगों की चप्पलें बिखर गईं।

 

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की मोबाइल से वीडियोग्राफी की। गिरफ्त से बचने के लिए मार्केट की लाइट बंद कर दी गई। करीब दो घंटे बाद हालात सामान्य हो सके। फिलहाल बांसमंडी चौकी प्रभारी गणेश सिंह की तहरीर पर कपड़ा व्यापारी रईस आलम, मो. आलम और सलमान आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
 

ऑफर ऐसा होगा कि पूरे शहर में बवाल मचेगा
घटना में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसमें एक वीडियो ऐसा था जिसमें व्यापारी रईस आलम ने कहा कि इस बार का जो ऑफर होगा वो बवाल मचा देगा। 16 की तारीख में भर लो झोला। 15 अगस्त की रात 11:59 मिनट पर ऑफर लागू होगा जो 12:15 बजे बंद हो जाएगा। इसमें जींस, शूज, टीशर्ट, चश्मा सब कुछ होगा। ये उनकी ओर से रिटर्न गिफ्ट होगा।

 

पुलिस-एलआईयू रही बेखबर
घटना ने पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और एलआईयू की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जब ऑफर का दो दिन पहले से फेसबुक, इंस्टाग्राम और मीडिया इनफ्लुएंसरों के जरिये प्रचार किया जा रहा था तो भीड़ जुटने की आशंका पुलिस और एलआईयू को पहले क्यों नहीं हुई। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच इतनी बड़ी भीड़ के लिए कोई पूर्व तैयारी क्यों नहीं की गई। समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो भगदड़ के हालात न पैदा होते।

आलम मार्ट में वायरल ऑफर के चक्कर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे जिन्हें समझाकर हटवा दिया गया था। किसी पर पुलिस ने लाठीचार्ज नहीं किया। मामले में व्यापारी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। - मंजय सिंह, एसीपी अनवरगंज

इन धाराओं में दर्ज की गई एफआईआर
धारा 125 - ऐसे कार्य जो लापरवाही या जल्दबाजी के कारण दूसरे के जीवन को खतरे में डालते हैं।
351(2) - आपराधिक धमकी।
115 - स्वेच्छा से चोट पहुंचाना।
352 - जानबूझकर अपमान करना।
270 - सार्वजनिक उपद्रव।
विज्ञापन

आलम मार्केट में ऑफर का कमिटमेंट करने वाला कपड़ा कारोबारी और उसका भाई गिरफ्तार
आलम मार्केट में अपने जन्मदिन के अवसर पर 16 मिनट में 16 कपड़े देने के वायरल ऑफर के बाद भगदड़ मचने के मामले में पुलिस ने कपड़ा कारोबारी रईस आलम और उसके सगे भाई सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। अनवरंगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह दोनों भाइयों को जेल भेजा जाएगा।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें