कानपुर में जाजमऊ थाना क्षेत्र के मनोहर नगर में एक मासूम की मौत और उसके साथियों की चुप्पी ने हड़कंप मचा दिया। दरअसल, मोहम्मद आहिल (12) बुधवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ गंगा किनारे नहाने गया था, जहां गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद डरे हुए साथी मौके से भाग निकले और परिजनों को भनक तक नहीं लगने दी।
देर शाम जब आहिल घर नहीं लौटा, तो मां हिना ने दोस्तों के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन वहां भी सच छिपाया गया। गुरुवार को परिजनों द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर एक किशोर ने आहिल के डूबने की बात कबूल की। सूचना पर पहुंची जाजमऊ पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया।