सचेंडी पुलिस ने पकड़े पशु तस्कर
- फोटो : अमर उजाला-
कंटेनर और डीसीएम में क्रूरतापूर्वक बांधकर भूसे की तरह ले जाए जा रहे पशुओं को पुलिस ने बुधवार रात चेकिंग के दौरान बरामद किया। पुलिस ने 10 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया, इनमें दो पशु तस्कर औरैया व फतेहपुर के निवासी हैं। आरोपियों ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद कंटेनर को पकड़ा। उनके पास 5.32 लाख रुपये नकद और एक तमंचा मिला है।
सचेंडी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट के अनुसार बुधवार देर रात कुछ लोगों द्वारा एक कंटेनर और डीसीएम में पशुओं को रस्सी से बांधकर कानपुर देहात से कानपुर नगर की ओर लाने की सूचना मिली। पुलिस ने किसान नगर, रायपुर, कानपुर देहात बार्डर हाइवे सर्विस लेन पर चेकिंग के दौरान कंटेनर को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस टीम पर गाडी चढ़ाने का प्रयास करते हुए गाड़ी तेजी से आगे भगा दी। पुलिस ने गाड़ी का पीछा करते हुए करीब एक किमी दूर आरोपियों को पकड़ा। गाडी को रोककर चेक किया गया तो 44 भैंस भूसे की तरह भरी हुई थी।
कंटेनर में सवार मध्यप्रदेश के थाना कुरवई विदिशा निवासी बिलाल कुरैशी, जाकिर कुरैशी, नवाब कुरैशी और चौथा साथी औरैया के थाना कोतवाली के तिलकनगर निवासी कफील अहमद को गिरफ्तार कर लिया। वह लोग कार्रवाई के बाद चेकिंग कर ही रहे थे, कि एक डीसीएम में सवार 13 भैंस और छह लोगों को नकदी व तमंचे के साथ सीएनजी पंप के पास पकड़ा गया। डीसीएम में फतेहपुर के पीरनपुर निवासी आफताब आलम, मुजफ्फरनगर के चरमांग बुड़ाना निवासी मोहम्मद रिजवान, बागपत के गांव बरनावा निवासी अजहर, मेरठ के लाल कुर्ती कैंट निवासी मो सलमान, मेरठ के मुफ्तियान हासिमपुरा निवासी शादाब, बरेली के पुराना शहर निवासी सुभान उर्फ छोटू को पकड़कर पशु तस्करी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।