कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र के काकादेव निवासी महामंडलेश्वर मनोज कुमार सिंह उर्फ गोल्डन गिरी बाबा से फोन पर सोने की 10 फीसदी रंगदारी मांगी गई। रकम देने से इनकार करने पर फोन करने वाले ने उन्हें और उनके परिवार के किसी सदस्य को जान से मारने की धमकी दी। महामंडलेश्वर की तहरीर पर रावतपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
महामंडलेश्वर ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर की दोपहर करीब 1:29 बजे उनके मोबाइल पर एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि वह जो सोना पहने हैं, उसका 10 फीसदी उसे देना होगा। उन्होंने रंगदारी देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि फोन करने वाले ने कहा कि रुपये नहीं दिए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।