छात्रवृत्ति पाने की उम्मीद लगाए बैठे 1229 छात्रों पर स्कूल संचालकों की लापरवाही भारी पड़ गई है। लगातार सख्ती, निर्देश और समय बढ़ाए जाने के बावजूद कक्षा 9-10 और 11-12 के इन छात्रों का डाटा 23 नवंबर तक स्कूल स्तर से शासन को अग्रसारित नहीं किया जा सका। इस कारण ये छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो जाएंगे। इस लापरवाही में 77 स्कूल फंस गए हैं। समाज कल्याण विभाग अब इन स्कूलों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है।
जिले में सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के 38,291 छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था। इनमें से स्कूल स्तर पर महज 37,062 छात्रों का डाटा ही अग्रसारित किया जा सका। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण करीब 1229 छात्रों का डाटा स्कूल स्तर पर ही लंबित रह गया जिसकी वजह से छात्रों की छात्रवृत्ति पर संकट खड़ा हो गया है। इन स्कूलों को नोटिस दिए जाएंगे।