बिना मान्यता प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक स्कूल का संचालन कराने और आलाधिकारियों के निर्देशों पर कार्रवाई न करने पर तालग्राम बीईओ रमेशचंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। बीईओ को कानपुर एडी बेसिक में संबद्ध किया गया है। यह खेल 30 माह से चल रहा था। बीएसए ने बताया कि जल्द ही तालग्राम में किसी अन्य बीईओ को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
ग्राम मधई नगला निवासी बदन सिंह ने तालग्राम ब्लॉक डम्मरपुरवा स्थित राजकुमारी मेवाराम हायर सेकेंडरी स्कूल की शिकायत कई बार की। आरोप लगाया कि बिना मान्यता के स्कूल में प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच तक की कक्षाएं संचालित की जा रहीं हैं। पूर्व में इसकी जांच भी हुई पर कार्रवाई अब तक नहीं हुई। इस वजह से मामले की जानकारी शासन स्तर पर दी गई।
प्रयागराज के सहायक शिक्षा निदेशक कामताराम पाल और डॉ. बृजेश मिश्र ने मामले को गंभीरता से लिया। वर्ष 2023 में तत्कालीन बीएसए उपासना रानी वर्मा ने अवैध स्कूल के प्रबंधक को नोटिस जारी किया था। बीईओ रमेश चौधरी ने प्राइमरी स्कूल का संचालन छुपाकर झूठी आख्या लगा दी थी कि स्कूल कक्षा छह से 10 तक चल रहा है। इसके बाद स्कूल के संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए, लेकिन बीईओ ने काेई कार्रवाई न करते हुए आला अधिकारी के आदेशों को दरकिनार कर दिया।
उमर्दा बीईओ विपिन कुमार ने स्कूल का निरीक्षण किया तो उन्होंने साफ आख्या में साफ लिखा कि स्कूल में प्राइमरी कक्षाएं संचालित हैं। स्कूल भवन मानकविहीन है और गैर प्रशिक्षित शिक्षक छात्रों को पढ़ा रहे हैं। इसके बाद भी बीईओ रमेशचंद्र चौधरी ने कार्रवाई नहीं की। बीईओ ने आरटीआई में स्कूल प्रबंधक पर प्राथमिकी दर्ज होने की गलत सूचना भी दे दी।
सहायक शिक्षा निदेशक ने बीईओ रमेश चंद्र चौधरी को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि प्राइवेट स्कूल बंद कराकर और उस पर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन बीईओ ने गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते शिकायत की गई, जिसमें सहायक शिक्षा निदेशक ने बीईओ तालग्राम को निलंबित कर दिया है। उन्हें मंडलीय अपर शिक्षा निदेशक कानपुर कार्यालय से संबद्ध किया गया।