आरोपी इंस्पेक्टर अनूप कुमार मौर्या
- फोटो : अमर उजाला
दुष्कर्म पीड़ित किशोरी के मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर ने आवास पर बुलाकर उसकी मां से दुष्कर्म किया। महिला की तहरीर पर सोमवार को आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। पूछताछ और मेडिकल के बाद इंस्पेक्टर को जेल भेज दिया गया।
अयोध्या के दर्शन नगर निवासी अनूप कुमार मौर्या सदर कोतवाली क्षेत्र की हाजी शरीफ चौकी के प्रभारी हैं। दो माह पहले ही पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर बने हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि करीब दो माह पूर्व कोर्ट के आदेश पर उसकी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
इसकी विवेचना हाजी शरीफ चौकी के प्रभारी अनूप कुमार कर रहे थे। रविवार दोपहर को फोन करके इंस्पेक्टर ने फाइनल रिपोर्ट में दस्तखत करने के लिए पुलिस लाइन स्थित आवास पर बुलाया था। दस्तखत कराने के बाद इंस्पेक्टर ने शराब के नशे में उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने इसकी शिकायत थाने में जाकर की। मामला एसपी कुंवर अनुपम सिंह के संज्ञान में आया तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। एसपी ने बताया कि आरोपी इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।