कन्नौज के सनसनीखेज सुनीता श्रीवास्तव हत्याकांड में शामिल आरोपी ससुर-दामाद ने बुधवार को पेशी से वापस जाते समय सिपाही की आंखों में मिर्च पाउडर झाेंककर कोर्ट परिसर से भाग गए। पुलिस ने जब शोर मचाया तो वकीलों ने दौड़कर एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दूसरे को पुलिस ने झाड़ियों से दबोच लिया। दोनों पर सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने मामले की जांच सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह को सौंपी है।
शहर के मोहल्ला कुतलूपुर मकरंदनगर में सुनीता श्रीवास्तव की 27 सितंबर 2025 को घर में ही निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात को टाइल्स लगाने वाले बलरामपुर जिले के जसवंत सिंह उर्फ पंकज चौहान व उसके दामाद सूरज कश्यप निवासी उन्नाव ने अंजाम दिया था। पुलिस ने सूरज को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था जबकि जसवंत को एटीएस ने दबोचा था। दोनों जिला कारागार अनौगी में बंद हैं।
दोनों की दिन में कोर्ट में पेशी थी। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद हत्यारोपी सूरज कश्यप ने जेब से मिर्च पाउडर निकाला और सिपाही की आंखों में झोंक दिया। इसके बाद वह भाग निकला। सिपाहियों ने शोर मचाया तो वकील दौड़े और जसवंत को दबोच लिया जबकि सूरज भागकर कोर्ट परिसर में पीछे की तरफ झाड़ियों में लेट गया। पुलिस ने कचहरी परिसर के दोनों गेट बंद किए और खोजबीन की तो वह झाड़ियों में लेटा मिला।