इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में पत्नी के वियोग से आहत एक युवक ने बुधवार को आत्महत्या की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को समय रहते बचा लिया और उसे थाने ले आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी बाबू की शादी चार वर्ष पूर्व छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के नगला गांव निवासी के साथ हुई थी। बाबू मैनपुरी में परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया गया है कि डेढ़ माह पहले पत्नी अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ किसी के साथ चली गई थी। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बुधवार देर शाम बाबू गांव के बाहर एक पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी नीलम सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।