आरोप है कि प्रधानी चुनाव के बाद दीपू राजपूत के पिता रामशरण की वर्ष 2021 में हत्या हो गई थी। इसमें पूर्व प्रधान शिवदेवी के परिजनों पर आरोप लगाया था। उन्हें पुलिस ने जेल भेजा था। उसके बाद से दोनों पक्ष में रंजिश बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि उसी रंजिश में शनिवार की शाम पांच बजे दीपू, विनोद, राकेश, रामगोपाल हथियार से लैस होकर रामदास के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने रामदास की गोली मारकर हत्या कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपियों ने करीब दो घंटे तक 200 राउंड तक फायरिंग की। घटना के आधे घंटा बाद पुलिस मौके पहुंची। पुलिस को मौके पर कई खाली खोखे पड़े मिले।
एएसपी डॉ. अरविंद कुमार, सीओ सदर डॉ. प्रियंका बाजपेई, सीओ तिर्वा शिव प्रताप सिंह व पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। मौके पर पहुंची फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्यों को इकट्ठा किया। घटना से गुस्साए परिजनों ने शव को उठने नहीं दिया। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया। उसके बाद पुलिस जबरन शव को उठा ले गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।इस मामले में एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि प्रधानी चुनाव की रंजिश में हत्या का मामला सामने आया है। इस वारदात के अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम को लगा दिया है। जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे।