कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के दौरान ड्यूटी कर रहे दरोगा ने फर्ज के लिए शादी टाल दी है। दरोगा ने कोरोना से जंग जीतने के बाद शादी करने का फैसला किया है। वह तीन माह से घर नहीं गए हैं।
बदायूं जिले के थाना बिसौली सादी वावेपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। प्रशिक्षण के बाद थाना तालग्राम में पहली पोस्टिंग है। बेहटा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेश प्रताप सिंह की शादी बरेली की एक युवती से तय हुई है।
26 मई को शादी होनी थी। राजेश प्रताप ने बताया कि अभी ड्यूटी जरूरी है। कोरोना से जंग जीतने के बाद शादी करेंगे। उन्होंने बताया कि फोन पर माता-पिता से बातचीत कर कुशल क्षेम पूछ लेते हैं। उन्होंने सभी से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है।