घायल रागिनी का इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी व महिला पुलिस कर्मी की गोद में घायल मासूम
- फोटो : अमर उजाला
परिवार के साथ रिश्तेदारी में जा रहे युवक की बाइक में लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बेटी समेत दंपती घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज अंतर्गत ग्राम नगला रघोल निवासी कुलदीप (25), पत्नी उमा (22), बेटी रागिनी (2) व चचेरे भाई नीरज (30) के साथ बाइक से अपने मामा सत्यभान के घर तरिया रामनगर जा रहे थे। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रैपुरा मोड़ पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुआ लोडर सड़क के किनारे खेत में जाकर पलट गया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता रामबख्श सिंह लोधी, प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत समेत अन्य ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। यहां भी कई घंटे इलाज के बाद कुलदीप, उमा व रागिनी की हालत भी अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि लोडर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। साथ ही तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
नीरज के कंधे पर थी दो परिवारों की जिम्मेदारी
हादसे की जानकारी होने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि नीरज पेशे से किसान था। उसके परिवार को पत्नी माधुरी जोशी व बेटा किट्टू है। परिजनों ने बताया कि दो साल पहले बीमारी के चलते नीरज के भाई धर्मेंद्र की मृत्यु हो गई थी। भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी व पांच बेटियों के भरणपोषण की भी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। नीरज की मौत से सभी को रो- रोकर बुरा हाल था।