नशा मुक्त शहर के संकल्प के साथ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन व्हाइट पाउडर' के तहत कल्याणपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 20 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
लग्जरी कार का तस्करी में इस्तेमाल
डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तस्कर मारुति सुजुकी SX4 कार (नंबर के जरिए पहचान की जा रही है) का इस्तेमाल गांजे की सप्लाई के लिए कर रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप शहर में प्रवेश करने वाली है, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तस्करों को दबोच लिया।
ओडिशा और मध्य प्रदेश से जुड़े तार
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों राहुल यादव और आयुष प्रजापति ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे उड़ीसा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से कम दाम पर गांजा लाकर कानपुर और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस धंधे के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
शातिर अपराधी हैं पकड़े गए तस्कर
पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, इन पर पूर्व में हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। ये शातिर किस्म के अपराधी हैं जो अपनी पहचान छिपाकर नशे के अवैध कारोबार में लिप्त थे।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
कल्याणपुर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया है। डीसीपी पश्चिम ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।