झींझक। माय भारत केंद्र की ओर से झींझक कस्बा के श्रीधुन्नू सिंह किड्स इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का बुधवार को समापन किया गया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
100 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में कल्पना ने प्रथम तथा शैली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 200 मीटर बालक वर्ग दौड़ में आर्यन पाल प्रथम और धैर्य सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस टीम ने जीत हासिल की, जबकि खो-खो में रमन हाउस टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि विपिन शर्मा एवं विद्यालय प्रबंधक राहुल सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
इस अवसर पर विपिन शर्मा ने कहा कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाने से छात्रों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। साथ ही अनुशासन और टीम भावना भी मजबूत होती है। गौरव त्रिपाठी, विद्यालय के प्रधानाचार्य ऋषि तिवारी, प्रिया तिवारी, लेखा अधिकारी लक्ष्मी गुप्ता, सहकार भारती के जिला उपाध्यक्ष रामगणेश पाल आदि मौजूद रहे।