राजपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के दमनपुर गांव स्थित बाबा भीमसेन आश्रम में बुधवार को कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया। वृंदावन से आए कथा वाचक पंडित रोहित कृष्ण महाराज ने मंत्रोच्चारण कर भूमि पूजन कराया। महिलाओं ने गांव में कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम के पहले दिन श्रोताओं ने तबला वादक लक्ष्मी नारायण के साथ गणेश वंदना की। इसके बाद भजन सुनाए गए। आयोजक दशरथ पाल व केशकली ने बताया कि सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया गया है। कोरोना संक्रमण के चलते 50 श्रोताओं की सामाजिक दूरी के साथ बैठने की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर मुकेश सिंह, लखन, आकाश तिवारी, सर्वेश पाल, अखिलेश पाल आदि मौजूद रहे।