कानपुर। परेड और फूलबाग की मल्टीलेवल पार्किंग चल नहीं पाई अब नगर निगम ने कचहरी के पास नई पार्किंग के संचालन की तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को कचहरी स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और जल्द कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। अब 28 अक्तूबर को टेंडर कराकर इसके संचालन के लिए कंपनी का चयन होगा।
शहर में पहले से ही परेड चौराहा और फूलबाग में पनचक्की चौराहा के पास मल्टीलेवल पार्किंग का संचालन कराया जा रहा है लेकिन इनमें वाहन नहीं खड़े होते हैं। लोग सड़क पर ही पार्किंग करते हैं जिससे अक्सर जाम की स्थिति रहती है। सदर तहसील के पीछे परिसर में कलक्ट्रेट के निकट कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण करा रहा है। बुधवार को नगर आयुक्त इसका निरीक्षण करने पहुंचे तो कार्यदायी संस्था जल निगम (नगरीय) की सीएंडडीएस, यूनिट-05 के परियोजना प्रबंधक एसके वर्मा ने बताया कि इसका निर्माण 4783.00 लाख से हो रहा है जिसमें 334 कार व 100 बाइक खड़ी करने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा, भूतल में 11 दुकानें बनी हैं और वाहनों के प्रवेश-निकासी के लिए दो स्थानों से अलग-अलग द्वार बनाए गए हैं। पार्किंग के चारों ओर सीसी रोड बनाई गई है। पार्किंग में छत पर कैफेटेरिया की भी व्यवस्था है।
पार्किंग के पीछे तीनों ओर बाउंड्रीवाल को लेकर स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि पत्रावली तैयार हो गई है, शीघ्र ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने शॉर्ट-टर्म टेंडर के आधार निविदा प्रक्रिया पूरी करते हुए तेजी से कार्य कराने को कहा। नोडल अधिकारी ने बताया कि थर्ड पार्टी निरीक्षण भी किया जा चुका है। शेष कार्य शीघ्र ही पूरा हो जाएगा। नगर आयुक्त ने दो दिन में इसे कराने के निर्देश दिए।
कानपुर स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन की टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है। कुछ वेंडर्स इसके संचालन के लिए आगे आए हैं। पहले 20 अक्तूबर को इसका टेंडर होना था लेकिन कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वेंडर्स ने एक सप्ताह का समय मांगा है। अब 28 अक्तूबर को टेंडर कराकर इसके संचालन के लिए कंपनी का चयन होगा।