कानपुर। जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मंगलवार से शुरू हुए अंतर हाउस कबड्डी टूर्नामेंट के सीनियर वर्ग में केशव और प्रताप हाउस ने अपने-अपने मैच जीते। सेमीफाइनल मैच में केशव हाउस ने शिवा हाउस को 37-32 से हराया।
वहीं प्रताप हाउस ने शानदार खेल दिखाते हुए माधव हाउस को 35-21 से पराजित किया। दोनों टीमों के बीच बुधवार को फाइनल मैच होगा। वहीं जूनियर वर्ग के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
इससे पहले टूर्नामेंट का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुनील मिश्र, प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी और उप प्रधानाचार्य डॉ. नमिता गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टूर्नामेंट के संयोजक आशुतोष सत्यम झा, अजय सिंह रहे। वंशज शुक्ला और आदित्य श्रीवास्तव निर्णायक रहे। इस मौके पर विवेकानंद श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्ञा जैन, गीता बंसल, दीपिका शुक्ला, मनोज त्रिपाठी, मनोज मिश्रा आदि मौजूद रहे। (संवाद)