इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के ग्राम पचावली में मंगलवार को नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा, इसमें कहा कि मेरी मौत में मेरे ससुराल वाले और मेरे मायके वाले किसी का दोष नहीं है, मैं अपनी जिंदगी से तंग आ चुकी हूं इसलिए आत्महत्या कर रही हूं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पचावली की रहने वाली उषा (22) पत्नी अमित शर्मा ने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने सीओ सिटी और फॉरेंसिक टीम को जानकारी दी। मौके पर पहुंच के अधिकारियों ने वीडियो ग्राफी कर सभी साक्ष्य को इकट्ठा किया। महिला के शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है।
पति अमित शर्मा ने बताया कि उसकी शादी 10 फरवरी 2025 को जसवंतनगर के कस्बा सिद्धार्थ पुरी से हुई थी। आठ दिन पहले ही वह मायके से ससुराल आई थी। मंगलवार दोपहर हुई घटना की जानकारी तुरंत ही पुलिस और मायके वालों को दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही मायकेवाले भी घटनास्थल पर आ पहुंचे। सीओ सदर रामगोपाल शर्मा ने बताया है कि सोमवार को महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
महिला के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। उषा के भाई ने जानकारी देते हुए बताया है कि ससुराल वालों ने जब सूचना दी। उसके बाद जब घर जाकर देखा तो बहन का शव बेड पर पड़ा हुआ था। गले में कोई रस्सी का फंदा नहीं था। अगर कोई बात उससे हुई होती तो वह हम लोगों को जानकारी देती। आशंका जताई कि ससुरालवालों ने हत्या की है।