कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10 से 12 बजे तक होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें 11736 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। डीआईओएस संतोष राय ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्र अधीक्षक और पर्यवेक्षक केंद्रो की निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थी को प्रवेश मिलेगा। मोबाइल, कलाई घड़ी, चिमटी, क्लिप समेत किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं धातु निर्मित वस्तु प्रतिबंधित होगी। परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को परीक्षा केंद्रों तक लाने व ले जाने के लिए सत्रवार अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
ये लाना अनिवार्य : प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने साथ प्रवेश पत्र, वैलिड आईडी दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।