भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र कानपुर की जोरदार तारीफ की। पालिक स्टेडियम में मेट्रो प्रोजेक्ट शिलान्यास प्रोग्राम के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जनता से ‘कानपुर शहर मेट्रो शहर, कानपुर शहर स्मार्ट शहर, कानपुर शहर विकसित शहर’ के नारे लगवाये। जोशी ने कहा कि गतिशील विकास के साथ तेजी से बढ़ता कानपुर आने वाले दिनों में भारत के टॉप सिटीज में गिना जायेगा। मेट्रो ट्रेन के साथ कानपुर में सिग्नेचर ग्रीन्स सिटी, ग्रीनपार्क के अलावा एक और नया स्टेडियम, प्रदर्शनी हॉल, बॉटेनिकल गार्डन, गंगा रिवर फ्रंट डेवलपमेन्ट, बिठूर का डेवलपमेन्ट, चौराहों का सौंदर्यीकरण देखकर हर कोई इस शहर में आना चाहेगा। कानपुर का विकास होने से पूरे उत्तर प्रदेश का डेवलपमेन्ट तेजी से हो सकेगा। कानपुर से जुड़े तमाम छोटे- छोटे जिलों में रह रहे लोगों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा। उद्योगधंधों के अलावा यहां रोजगार के तमाम नए संसाधन भी विकसित होंगे।