कानपुर। जेईई एडवांस का परिणाम आने के बाद ज्वाइंट सीट एलॉकेशन अथॉरिटी (जोसा) ने देश की सभी 23 आईआईटी की सीट मैट्रिक्स जारी कर दी है। इस बार पिछले साल की तुलना में 527 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
हालांकि आईआईटी कानपुर में सीटें नहीं बढ़ी हैं। यहां 1210 सीटों पर ही प्रवेश मिलेगा। देश में स्थित 23 आईआईटी में प्रवेश के लिए हुए जेईई एडवांस्ड में जेईई मेंस के टॉप 1,87,223 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
इसमें 1,80,422 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिसमें 54,378 होनहारों ने क्वालिफाई किया है। अब जोसा की ओर से काउंसिलिंग के पहले सभी 23 आईआईटी की कुल और ब्रांचवार सीट मैट्रिक्स जारी की गई है।
इसके मुताबिक आईआईटी में 527 सीटें बढ़ी हैं। पिछले वर्ष सुपरन्यूमेररी मिलाकर कुल 17,760 सीट पर दाखिला हुआ था। इस साल सुपरन्यूमेररी मिलाकर कुल 18,160 सीट पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग होगी।