नौकरी की चाह में 1535 स्टूडेंटों ने कराया रजिस्ट्रेशन
कानपुर इंप्लायमेंट एक्सचेंज में 7 दिसंबर को आयोजित होने वाले रोजगार मेले में शामिल होने के लिए 1535 स्टूडेंटों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। यदि आप भी कम से कम आठवीं पास हैं तो सात से 10 हजार रुपये तक की नौकरी पाने का अच्छा अवसर है। प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय (इंप्लायमेंट एक्सचेंज) जीटी रोड पर सात दिसंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 12 कंपनियां दो हजार पदों के लिए इंटरव्यू करेंगी। नौकरी के इच्छुक युवा एक से छह दिसंबर तक इंप्लायमेंट एक्सचेंज में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इससे संबंधित सभी जानकारी इंप्लायमेंट एक्सचेंज के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। रजिस्ट्रेशन कराने वालों को ही रोजगार मेले में इंटरव्यू देने का मौका मिलेगा। सहायक निदेशक एसपी द्विवेदी ने बताया कि नौकरी पाने की ललक में रोजाना सैकड़ों स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन कराने के लिए इंप्लायमेंट एक्सचेंज पहुंच रहे हैं।