पुखरायां। भारत सरकार ने मनरेगा का नाम बदल कर विकसित भारत जी राम जी कर दिया है। इसके अलावा इसमें कुछ बदलाव भी किए गए है। मनरेगा में पहले श्रमिकों को 100 दिन रोजगार की गारंटी मिलती थी लेकिन अब उनको 125 दिवस मजदूरी मिलेगी। इसमें बेरोजगारी भत्ता भी दिए जाने का प्रावधान होगा। मनरेगा में बेरोजगारी भत्ता का लाभ मिलना संभव नहीं था जबकि इस अधिनियम में हुए बदलाव से यह प्रतिबंद हटा दिया गया है। ये बातें अमरौधा ब्लॉक के हलधरपुर में विकसित भारत जी राम जी जनजागरण अभियान के तहत आयोजित कृषक, श्रमिक ग्राम चौपाल में शनिवार को पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहीं।
कार्यक्रम में एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि यदि इसमें जिन मजदूरों को काम नहीं मिल पाएगा उनको बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। इससे रोजगार का अधिकार अब वास्तव में कानूनी अधिकार बन गया है। कई बार मजदूरी में देरी होने की शिकायत मिलती थी, लेकिन अब वो नहीं होगा। अगर मजदूरी में विलंबित होगा तो मुआवजा मजदूरी के साथ दिया जाएगा। इससे श्रमिकों को पूरा हक मिलेगा।
इस योजना को ग्राम स्तर पर चलाया जाएगा। कार्य योजना ग्राम सभा में ही तय होगी। इस योजना में जल सुरक्षा, संरक्षण कार्य, ग्रामीण अवसंरचना से जुडे कार्य, आजीविका संवर्धन के कार्य ओर जलवायु परिवर्तन व प्रतिकूल मौसम से निपटने वाले कार्य भी शामिल होंगे। संचालन मलासा ब्लॉक प्रमुख स्वतंत्र पासवान ने किया। यहां जिलाध्यक्ष राहुल देव अग्निहोत्री, कार्यक्रम प्रभारी विवेक तिवारी, शिवप्रसाद मिश्र, नीरज पांडेय, डिंपल सचान, करुणाशंकर दिवाकर, समसुद्दीन आदि रहे।