फतेहपुर कस्बे के पूरेदान गांव में एक किसान के घर से 20 लाख के जेवर चोरी हो गए हैं। पुलिस मौके पर जांच को पहुंची। चोरी की रिपोर्ट किसान के बेटे अरुणेंद्र सिंह ने दर्ज कराई है। जाफरगंज थाना क्षेत्र के पूरेदान निवासी कृष्णपाल सिंह किसान हैं।
उनके चार बेटे अरुणेंद्र सिंह, योगेश सिंह, इंद्रेेश सिंह, राजेश सिंह फौजी हैं। राजेश परिवार समेत शहर में रहते हैं। अरुणेंद्र कृषि कार्य की देखभाल करते हें। सीमेंट एजेंसी का योगेश सिंह के पास कारोबार है। इंद्रेश बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में तीनों भाइयों का संयुक्त परिवार है।
परिवार के लोग बारिश की वजह से बुधवार की रात अलग-अलग कमरों में सोये थे। अरुणेंद्र सिंह की ओर से चोरी की शनिवार को थाने में तहरीर दी गई। उन्होंने बताया कि घर के पीछे के रास्ते से चोर छत पर चढ़े होंगे। सीढ़ियों का दरवाजा खुला था। परिवार के लोग कमरों में सो रहे थे।
एक अंदर का कमरा है। उसमें अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर जेवर चोरी कर ले गए। उसने घटना की सूचना थानेदार को दी थी। वीआईपी ड्यूटी में होने के कारण थानेदार नहीं मिले थे। घटना में तीनों भाइयों के पत्नी के जेवरात चोरी हुए हैं। जेवरातों में 42 ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी के जेवरात थे। थानेदार सच्चिदानंद त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।