कानपुर। स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लड बैंक की लैब टेक्नीशियन (एलटी) अंजलि मिश्रा के घर से चोरों ने गुरुवार को करीब चार लाख के गहने पार कर दिए। उनकी सास के हैंडबैग में सोने की चेन, पायल समेत अन्य गहने व करीब 3000 रुपये रखे थे। अंजलि ने मकान में काम करने वाली दो नौकरानियों में से एक पर चोरी का शक जताया है। स्वरूपनगर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अंजलि ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनके सास-ससुर हरदोई में रहते हैं। उनकी सास करुणा का हैंडबैग घर पर रखा हुआ था। 20 अक्तूबर को बैग में गहने और नकदी रखी थी। 22 अक्तूबर को बैग खोलकर देखने पर गहने और नकदी गायब मिले। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। नौकरानी से भी पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संवाद