यूपी के कन्नौज जिले में दुकान से घर लौट रहे सराफ की बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सराफ पर दो महीने पहले भी जानलेवा हमला हुआ था। पुलिस के मुताबिक शहर के मोहल्ला मुसाहिब चौबे निवासी अखिलेश्वर दयाल वर्मा (57) पुत्र गंगा शंकर वर्मा की मीनाबाजार में ज्वैलरी की दुकान है।
शनिवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। मोहल्ला पीपल गली में घर के करीब बाइक से आए दो बदमाशों ने सराफ पर फायर किया। गोली न लगने से सराफ ने फायर करने वालों की ओर अपनी बाइक मोड़ दी। ऐसा देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उन पर एक और गोली चलाई। यह गोली सराफ के पेट में जा धंसी। लहूलुहान होकर वह गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सराफ को सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सैफई के मिनी पीजीआई ले जाने का सुझाव दिया। परिजन उन्हें फर्रुखाबाद ले जाने के इरादे से निकले लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे। छिबरामऊ के कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि बदमाशों की तलाश के साथ उनकी मंशा जानने की कोशिश तेज कर दी है। पूर्व में भी एक दफा हमला होने के कारण मामला रंजिश का भी हो सकता है।