अलमारी का सामान दिखातीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उरई-जालौन जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के एक किराना व्यापारी के घर से चोरों ने नौ लाख रुपये के जेवर व नगदी पार कर दी। बगल के कमरे में सो रहे परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह अलमारी का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पर जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाना तक उचित नहीं समझा गया।
जानकारी के मुताबिक गांधी नगर निवासी रिटायर्ड शिक्षक लक्ष्मी प्रसाद की किराना की दुकान है। बुधवार की रात चोर गोदाम के रास्ते से घर में घुसे। चोरों ने लक्ष्मी प्रसाद के बेटे राजीव के कमरे में रखी अलमारी का लाकर तोड़कर उसमें रखे करीब 9 लाख के जेवर और नगदी पार कर दी। गुरुवार की सुबह जब राजीव की आंख खुली तो अलमारी का बिखरा सामान देख होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।
लक्ष्मी प्रसाद ने पुलिस को बताया कि चोर घर से 200 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी, 90 हजार रुपये नगद के साथ कुछ कीमती सामान भी ले गए हैं। सीओ संतोष कुमार का कहना है कि घटना में किसी जानकार या फिर परिवार के करीबी भी हाथ हो सकता है, सिर्फ एक ही कमरे में ताले तोड़े गए है। फिलहाल जांच की जा रही है। आसपास कहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी तलाश की जा रही है। चोर अपने साथ गोदाम के टूटे ताले भी ले गए हैं।