आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी और जीएफटी में एडमिशन के लिए प्रस्तावित ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन 2017 के रिजल्ट 27 अप्रैल को घोषित होंगे। इसके सर्कुलर सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) ने जारी कर दिए हैं। 27 मई को आल इंडिया रैंक जारी की जाएगी।
मेन के ऑफ लाइन टेस्ट 2 अप्रैल को होंगे। बीई, बीटेक, बी. आर्किटेक्चर और बी. प्लानिंग के पेपर दो पालियों (सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक) कराए जाएंगे। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट 8, 9 अप्रैल को होंगे। इसका ब्योरा वेबसाइट jeemain.nic.in पर उपलब्ध है। एंट्रेंस एग्जाम कानपुर नगर सहित देश के अलग-अलग शहरों में होंगे। सीबीएसई के मुताबिक जेईई मेन के आवेदन फार्म भरने वाले स्टूडेंट मार्च के दूसरे सप्ताह से एडमिट कार्ड डाउन लोड कर सकेंगे। इसकी जानकारी वेबसाइट पर दी जाएगी।
जेईई एडवांस के रजिस्ट्रेशन 28 अप्रैल से
ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए जेईई मेन क्वालीफाई करने वाले 2 लाख 20 हजार स्टूडेंट योग्य होंगे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 मई तक चलेगी। इसका आयोजन सिर्फ आईआईटी में एडमिशन के लिए होता है, फिर कंबाइंड काउंसलिंग कराके एनआईटी, ट्रिपल आईटी और जीएफटी की सीटें भरी जाती हैं। जेईई एडवांस के रिजल्ट 11 जून को आएंगे।