जून 2016 में मथुरा में हुए जवाहर बाग कांड में मारे गए और घायल हुए ग्रामीण के घर सीबीआई टीम ने पहुंच कर बयान दर्ज किए। सीबीआई के सीओ ने मृतक के घरवालों को घटना की सीडी दिखाई। परिवार वालों ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को साक्ष्य मांगा तो सीबीआई के सीओ ने कहा कि अभी जांच चल रही है।
जांच पूरी होने पर साक्ष्य मिल पाएगा। राजेपुर कस्बा निवासी मेवाराम व चंद्रपाल कुशवाहा जयगुरु देव के शिष्य थे। यह लोग हर साल मथुरा जय गुरुदेव के कार्यक्रम में जाते थे। जून 2016 को मथुरा के जवाहर बाग में पुलिस और वहां मौजूद लोगों में जवाबी फायरिंग हुई थी। इसमें कई लोग मारे गए थे।
इस घटना में राजेपुर के निवासी मेवाराम की मौत हो गई थी और चंद्रपाल कुशवाहा घायल हुए थे। चंद्रपाल कुशवाहा वर्तमान में जेल में निरुद्घ है। इस घटना की जांच कर रही सीबीआई के सीओ एमएस प्रतिहार व इंस्पेक्टर विनय कुमार टीम के साथ शनिवार को राजेपुर आए और मेवाराम के घर जाकर उसकी पत्नी रीता व पुत्र राजीव से पूछताछ की। इन लोगों को घटना की सीडी दिखाई। इसके बाद सीबीआई घायल चंद्रपाल कुशवाहा के घर जाकर उसके परिवार वालों से पूछताछ की। इसके बाद टीम के लोग चले गए।