उरई/एट। शादी में डीजे पर डांस करने को लेकर जनातियों व बरातियों में विवाद हो गया। इस पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और बरातियों के साथ मारपीट कर दी। जिससे दो बराती गंभीर रुप से घायल हो गए। दूल्हा सहित सभी बाराती थाने पहुंच गए और शादी की रस्में रुक गईं। सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर समझौता करा दिया।
एट थाना क्षेत्र के विरगुवां खुर्द निवासी चंद्रप्रकाश अहिरवार की बेटी की शनिवार को शादी थी। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी संतोष कुमार के बेटे की बरात गांव पहुंची थी। देर रात डीजे पर डांस को लेकर जनातियों व बरातियों में विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। झगड़ा होते देख ग्रामीण इकट्ठा हो गए और बरातियों की जमकर धुनाई कर दी। जिससे वर पक्ष के हेमंत सोनी व जीवन गंभीर रुप से घायल हो गए। इसके बाद दूल्हा सहित पूरी बारात रात में ही एट थाने पहुंच गई। पुलिस ने सुबह कन्या पक्ष को बुलाकर दोनों की बातचीत करा समझौता करा दिया। इसके बाद वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।