रूरा रेलवे क्रासिंग के पास फंसा ट्रक।
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। पश्चिमी रेलवे क्रासिंग पर पुल के लिए बन रहे पिलर के पास सोमवार को एक ट्रक गीली मिट्टी में धंस गया। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। क्रॉसिंग के दोनों ओर एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। क्रेन से ट्रक को हटाए जाने के बाद जाम खुल सका। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
पश्चिमी रेलवे फाटक पर 38 करोड़ की लागत से फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। लोगों को निर्माण कार्य के दौरान आए दिन क्रॉसिंग के समीप लगने वाले जाम से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को अकबरपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक प्राथमिक विद्यालय के सामने बने पिलर के आसपास की गीली मिट्टी में धंस गया।
रक्षाबंधन के कारण सोमवार को वाहनों की काफी आवाजाही रही। इस कारण क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे लोग परेशान रहे। सबसे अधिक दिक्कत दूरदराज जाने वाले लोगों को उठानी पड़ी। पुलिस ने क्रेन बुलाकर मिट्टी में धंसे ट्रक को बाहर निकलवाया। इसके बाद जाम खुल सका। लोगों को कहना है कि ओवरब्रिज बनने के चलते दो रास्तों को आवागमन के लिए खोला गया है। एक रास्ता थाना परिसर होकर डेरापुर रोड पर खुलता है, जो संकरा है। इस कारण दोनों ओर से वाहनों के आने पर जाम लग जाता है। दूसरा क्रासिंग मार्ग है। इसी पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। थानाध्यक्ष विद्यासागर सिंह ने बताया कि एक घंटे बाद आवागमन चालू करा दिया गया था।
----