झींझक रेलवे क्रासिंग पर लगा जाम।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर झींझक रेलवे क्रासिंग के पास सिकंदरा-रसूलाबाद रोड पर मंगलवार सुबह ट्रक फंसने से डेढ़ घंटे जाम लगा रहा। इससे लोग परेशान रहे। ट्रक हटने के बाद आवागमन सुचारु हो सका।
उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने झींझक क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने का काम मई महीने में शुरू किया है। पिलर निर्माण के लिए खुदाई कर काम चल रहा। इस कारण ट्रकों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद ट्रकों का आवागमन जारी है। क्रासिंग पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है। मंगलवार सुबह दस बजे झींझक रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक फंसने से झींझक-रसूलाबाद रोड पर वाहन फंस गए। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहनों में सवार लोग गर्मी से परेशान रहे।
डेढ़ घंटे बाद ट्रक को हटाया गया। इसके बाद वाहन निकल सके। जाम में फंसे लगरथा के नीरज सेंगर, औरंगाबाद के दिलशाद, झींझक के राकेश प्रजापति, रामजी ने बताया कि ओवरब्रिज पिलर निर्माण के लिए खुदाई का काम चलने से सड़क संकरी हो गई है। रोक के बाद भी लगातार ट्रकों के आवागमन से जाम लगता है। सेतु निगम के जेई सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रकों के आवागमन पर पूर्व से ही रोक लगाई जा चुकी है।